करहरी मोड़ पर सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत, बोलेरो चालक फरार
दरभंगा, 25 सितंबर (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत बेनीपुर-बिरौल मुख्य मार्ग पर भरत चौक के पास करहरी मोड़ पर शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान बेनीपुर नगर परिषद क्षेत्र के धेरुख निवासी नथुनी दास के 22 वर्षीय पुत्र गोविंद तांती, विनोद दास के 18 वर्षीय पुत्र अंगद दास और मंजे राय के 17 वर्षीय पुत्र विकास राय के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि गोविंद तांती और अंगद दास मोटरसाइकिल से अपने घर धेरुख लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही बोलेरो ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। सड़क किनारे खड़े विकास राय भी बोलेरो की चपेट में आ गए। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इसी बीच पीछे से आ रहे एक अज्ञात पिकअप ने सड़क पर गिरे घायल युवकों को कुचल दिया।
हादसे में गोविंद और अंगद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल विकास को प्राथमिक उपचार के बाद डीएमसीएच रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। पुलिस फरार बोलेरो चालक और अज्ञात पिकअप की पहचान में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

