नहाने के दौरान तीन किशोरियां बहीं, एक का शव मिला, दो लापता

WhatsApp Channel Join Now
नहाने के दौरान तीन किशोरियां बहीं, एक का शव मिला, दो लापता


भागलपुर, 28 अगस्त (हि.स.)।

जिले के कहलगांव अनुमंडल अंतर्गत पीरपैंती प्रखंड में रक्षाबंधन के ही दिन एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। श्रीमतपुर-हजूरनगर पंचायत के ओलनी टोला स्थित मरगंग घाट पर शुक्रवार दोपहर नहाने गईं तीन किशोरियां नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गईं।

स्थानीय गोताखोरों की कड़ी मशक्कत के बाद एक किशोरी का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दो अन्य अब भी लापता हैं। बताया जा रहा है कि ओलनी टोला निवासी तीन किशोरियां दोपहर करीब 12 बजे मरगंग घाट पर स्नान करने गई थीं। नहाने के क्रम में नदी के तेज बहाव के कारण अचानक उनका पैर फिसल गया और देखते ही देखते तीनों गहरे पानी में समा गईं।

घाट पर मौजूद अन्य लोगों ने जब उन्हें डूबते देखा तो शोर मचाना शुरू किया। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत अपने स्तर से बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन नदी की रफ्तार तेज होने के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली। नदी में लापता होने वाली किशोरियों में दो सगी बहनें शामिल हैं।

स्थानीय गोताखोरों ने काफी खोजबीन के बाद 16 वर्षीय चंदा कुमारी का शव पानी से बाहर निकाल लिया है। वहीं, उसकी बड़ी सगी बहन मोनाली कुमारी (18 वर्ष) और पड़ोस की अभिलाषा कुमारी (8 वर्ष) अब भी लापता हैं। हादसे की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मरगंग घाट पर सैकड़ों स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पीड़ित परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दे दी गई है। वहीं एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंचकर लापता दोनों बच्चियों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story