गोरेयाकोठी में तीन आदर्श विद्यालयों का उद्घाटन, ग्रामीण बच्चों को मिलेगी आधुनिक शिक्षा
सीवान, 19 जुलाई (हि.स.)। जिले के गोरेयाकोठी विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में रविवार को एक नई शुरुआत हुई। विधायक देवेश कान्त सिंह ने बसंतपुर, लकड़ी नबीगंज और गोरेयाकोठी प्रखंड में तीन 'सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय ' का उद्घाटन किया। इस दौरान आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षाविद, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक देवेश कान्त सिंह ने कहा कि क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन आदर्श विद्यालयों की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही विकसित भारत और समृद्ध बिहार की मजबूत आधारशिला है। उनका संकल्प है कि विधानसभा क्षेत्र का प्रत्येक बच्चा बेहतर शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को संवार सके और देश-दुनिया में क्षेत्र का नाम रोशन करे।
उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को शहरों जैसी शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाएं, ई-पुस्तकालय, आधुनिक प्रयोगशालाएं, खेल सुविधाएं तथा अनुभवी शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था की गई है। साथ ही दीक्षा एवं ई-लॉट्स जैसे डिजिटल मंचों के माध्यम से ऑनलाइन शिक्षा को भी बढ़ावा दिया जाएगा। विधायक ने बताया कि सामान्य पढ़ाई के अलावा विद्यार्थियों को चिकित्सा, अभियंत्रण, ओलंपियाड एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की आधारभूत तैयारी भी कराई जाएगी। इसके साथ ही करियर परामर्श तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए सहायक कक्षाओं की भी व्यवस्था की गई है।
बसंतपुर प्रखंड के हरायपुर स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज, लकड़ी नबीगंज के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नबीगंज बाजार तथा गोरेयाकोठी के नारायण कर्मयोगी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित किया गया है। कार्यक्रम में गोरेयाकोठी बीडीओ अभय कुमार, लकड़ी नबीगंज बीडीओ कृष्ण कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत प्रसाद, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजीव कुमार पांडेय, अभय मिश्रा, थानाध्यक्ष सबिता कुमारी, मुखिया संघ अध्यक्ष रामकुमार सिंह, संदेश महतो सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, विद्यालय प्राचार्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ओमप्रकाश गुप्ता ने किया। उन्होंने विधायक की इस पहल को क्षेत्र में शिक्षा के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। मौके पर सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और एनडीए गठबंधन के कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

