मझिया रोड से तीन नाबालिग लड़कियां बरामद, तीन लोगों पर अपहरण का केस

WhatsApp Channel Join Now
मझिया रोड से तीन नाबालिग लड़कियां बरामद, तीन लोगों पर अपहरण का केस


किशनगंज, 09 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना पुलिस ने मझिया रोड स्थित एक किराये के मकान से तीन नाबालिग लड़कियों को बरामद किया है। यह कार्रवाई बुधवार शाम स्थानीय लोगों से मिली सूचना के आधार पर की गई।

मामले में तीन लोगों के विरुद्ध अपहरण समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बरामद लड़कियों में एक नाबालिग की मां ने बुधवार को सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आवेदन में बताया गया कि उनकी बेटी पिछले एक माह से लापता थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि मझिया इलाके के एक मकान में लापता नाबालिग मौजूद है।

सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया। तलाशी के दौरान उसी मकान से दो अन्य नाबालिग लड़कियां भी मिलीं, जिन्हें पुलिस ने अपने संरक्षण में लिया।

पीड़ित परिजनों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते लड़की बरामद नहीं होती तो उसे कहीं बेच दिया जाता। इस आशंका को भी पुलिस जांच के दायरे में शामिल कर रही है।

गुरुवार को एसडीपीओ-1 खुसरु सिराज ने बताया कि एक माह पूर्व लापता हुई नाबालिग की बरामदगी के लिए पुलिस मझिया रोड पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान वहां से एक के साथ दो अन्य नाबालिग लड़कियां भी मिलीं।

मामले में प्राथमिकी दर्ज कर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। साथ ही बरामद तीनों नाबालिगों की काउंसलिंग भी कराई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story