बिहपुर में तीन अवैध आरा मिलें सील, कीमती लकड़ियां और मशीनें जब्त
भागलपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। भागलपुर वन प्रमंडल ने अवैध आरा मिलों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत बिहपुर प्रखंड के बभनगामा बाजार में रविवार को छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित तीन आरा मिलों को जब्त कर लिया गया है। वन विभाग ने मिल संचालकों और दोषियों पर बिहार काष्ठ चिरान अधिनियम तथा भारतीय वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
वन प्रमंडल पदाधिकारी भागलपुर, आशुतोष राज को बिहपुर में अवैध आरा मिलें चलने की गुप्त सूचना मिली थी। उनके निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व नवगछिया के वन क्षेत्र पदाधिकारी कुमार गौतम और कहलगांव के वन क्षेत्र पदाधिकारी कम्पनी कुमार ने किया। कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए नवगछिया पुलिस अधीक्षक के सहयोग से बिहपुर, झंडापुर और खरीक थाने की पुलिस को भी शामिल किया गया।
बिहपुर थाना के नेतृत्व में पुलिस बल के कड़े पहरे के बीच बभनगामा बाजार में शांतिपूर्ण तरीके से यह छापेमारी हुई। टीम ने मौके से आरा मिल की मशीनें, आरी ब्लेड और अवैध रूप से जमा की गई शीशम, महोगनी और सागवान जैसी कीमती लकड़ियों को भारी मात्रा में जब्त किया। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरे भागलपुर जिले में अवैध आरा मिलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वन प्रमंडल भागलपुर की ओर से भागलपुर, कहलगांव और नवगछिया में चल रहे सभी अवैध आरा मिल मालिकों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अपनी मिलें तुरंत बंद कर दें। ऐसा नहीं करने पर आने वाले दिनों में उनके खिलाफ भी इसी तरह की सख्त जब्ती और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

