बिजली के शॉर्ट सर्किट से तीन घर जलकर राख

WhatsApp Channel Join Now
बिजली के शॉर्ट सर्किट से तीन घर जलकर राख


पश्चिम चंपारण (बगहा), 13 अक्टूबर(हि.स.)। बगहा अनुमंडल के भितहा प्रखंड की खैरवा पंचायत के बेलवनिया गांव में मंगलवार की भोर करीब चार बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने से तीन घर जलकर राख हो गए। हादसे में अकलू राम की छह बकरियों की जलकर मौत हो गई, जबकि दो-तीन अन्य बकरियों के झुलसने की भी सूचना है।

ग्रामीणों के अनुसार, आग से अकलू राम, बनारसी राम और शौखी राम के घरों में रखे लाखों रुपये मूल्य के सामान नष्ट हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि घरों से सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। गेहूं, धान, साइकिल, चारा मशीन, चारपाई, पेटी-बक्सा, बर्तन, कपड़े समेत अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए।

घटना के बाद पशु चिकित्सा विभाग के कर्मी अक्षय लाल यादव ने झुलसी बकरियों का उपचार किया। पशुधन के नुकसान से पीड़ित परिवारों की परेशानी बढ़ गई है।

अंचलाधिकारी अमरदीप कुमार ने बताया कि राजस्व कर्मचारी के माध्यम से अगलगी में हुई क्षति की जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जायेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760107 Articles

Share this story