सारण में ऑपरेशन नया सवेरा के तहत तीन ल़डकियों को कराया गया मुक्त

WhatsApp Channel Join Now
सारण में ऑपरेशन नया सवेरा के तहत तीन ल़डकियों को कराया गया मुक्त


सारण, 22 अप्रैल (हि.स.)। अनैतिक देह व्यापार और मानव तस्करी के खिलाफ सारण पुलिस ने एक बार फिर अभियान चलाया है। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे नया सवेरा 2.0 नामक अभियान के तहत पुलिस ने अहले सुबह कार्रवाई करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों से तीन नाबालिग लड़कियों को आर्केस्ट्रा के चंगुल से मुक्त कराया है।

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और अपर पुलिस महानिदेशक कमजोर वर्ग के इनपुट पर कार्रवाई करते हुए महिला थाना, जनता बाजार, मशरक और खैरा थाना की संयुक्त टीम ने चिन्हित ठिकानों की घेराबंदी की। इस दौरान जबरन नृत्य और प्रताड़ना का शिकार हो रही तीन नाबालिगों को रेस्क्यू किया गया। मुक्त कराई गई लड़कियों में एक ओडिशा, एक उत्तर प्रदेश और एक बिहार के समस्तीपुर की रहने वाली है।

इस मामले में महिला थाना ने कांड दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़े के अनुसार मई 2024 से अब तक चलाए गए विशेष अभियान अभियान के तहत ऑपरेशन नया सवेरा में 42 मामले दर्ज कर 108 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है जिनमें कुल 336 लड़कियों को मुक्त कराया गया है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के शोषण के खिलाफ आवाज दो अभियान के तहत यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए हेल्पलाइन नंबर 9031600191 जारी किया है, जिस पर पीड़ित या जागरूक नागरिक अपनी सूचना साझा कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story