परमान नदी में तीन किशोरी डूबी,एक की मौत,एक सुरक्षित,तीसरे की तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now
परमान नदी में तीन किशोरी डूबी,एक की मौत,एक सुरक्षित,तीसरे की तलाश जारी


अररिया 01 अक्टूबर(हि.स.)। शहर के हरियाली मार्केट छठ घाट पर गुरुवार दोपहर परमान नदी में नहाने के दौरान तीन किशोरी के गहरे पानी में चले जाने से जहां एक किशोरी की डूबने से मौत हो गई।वहीं दूसरी किसी तरह जान बचाकर सुरक्षित बाहर निकली,जबकि तीसरी किशोरी का अब तक पता नहीं चल पाया है।जिसकी तलाश में एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर लगे हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि वार्ड संख्या 23 की तीन किशोरियां घाट पर नहाने गई थीं।अचानक तीनों गहरे पानी की चपेट में आ गईं। एक किशोरी खुद सुरक्षित किनारे पहुंच गई।स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने के बाद गोताखोरों ने एक किशोरी को गहरे पानी से निकाला। उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया।

मृत किशोरी काली बाजार वार्ड संख्या 23 निवासी मोहम्मद इस्लाम की 15 वर्षीय पुत्री परवीन है।

लापता किशोरी 12 वर्षीया बुचीया पिता मोहम्मद जलाल भी उसी वार्ड की निवासी हैं। उसकी तलाश में एसडीआरएफ की टीम जुटी हुई है।

मौके पर नगर थाना पुलिस जांच में लगी है। लापता किशोरी के चाचा मोहम्मद सलाम और मृत किशोरी के पिता मोहम्मद इस्लाम ने बताया कि तीनों बच्चियां पास बहने वाली परमान नदी में नहाने गई थीं।गहरे पानी में चले जाने से वे डूबने लगीं। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद एक को निकाला, लेकिन तीसरी का अभी तक पता नहीं चल पाया।

परमान नदी तट पर हुई इस घटना से इलाके में मातम पसरा हुआ है।फिलहाल तीसरी किशोरी की तलाश जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story