सीवान में तीन दिवसीय मोबाइल पासपोर्ट कैंप शुरू, 165 अतिरिक्त स्लॉट से आवेदकों को राहत
सीवान, 23 अगस्त (हि.स.)।
पासपोर्ट बनवाने के लिए पटना जाने वाले जिले के नागरिकों को अब राहत मिलेगी। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) पटना और सीवान जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार से सीवान सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में तीन दिवसीय मोबाइल पासपोर्ट कैंप शुरू हुआ।
23, 24 और 25 अगस्त तक चलने वाले इस विशेष कैंप का उद्घाटन जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने किया। मोबाइल पासपोर्ट वैन तीनों दिन सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में रहेगी, जहां पहले से स्लॉट बुक करा चुके आवेदकों के दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
कैंप के तहत प्रतिदिन 55 आवेदकों के दस्तावेज सत्यापन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस प्रकार तीन दिनों में कुल 165 अतिरिक्त स्लॉट उपलब्ध कराए गए हैं। अतिरिक्त स्लॉट मिलने से पासपोर्ट बनवाने के लिए लंबे समय से इंतजार कर रहे आवेदकों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
अब तक जिले के नागरिकों को डाकघर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र पर निर्भर रहना पड़ता था। सीमित स्लॉट के कारण कई आवेदकों को लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ती थी। मोबाइल कैंप के माध्यम से स्थानीय स्तर पर ही दस्तावेज सत्यापन की सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय पटना के चक्कर लगाने से भी राहत मिलेगी।
इससे आवेदकों के समय और संसाधन दोनों की बचत होगी।जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने कहा कि प्रशासन अप्रवासियों के साथ मिलकर सीवान जिले में विकास की अपार संभावनाओं को धरातल पर लाने के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि रोजगार, शिक्षा और अन्य कारणों से विदेश जाने वाले जिले के युवाओं के लिए पासपोर्ट सेवा को सुगम बनाना महत्वपूर्ण है।
प्रशासन ने 23, 24 और 25 अगस्त के लिए स्लॉट बुक करा चुके सभी आवेदकों से निर्धारित दिन और समय पर सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित मोबाइल पासपोर्ट वैन पर पहुंचने की अपील की है।
आवेदकों को अपने सभी मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे। जिला प्रशासन और स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे मोबाइल पासपोर्ट कैंप आयोजित किए जाने की उम्मीद जताई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

