देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार


भागलपुर, 30 जुलाई (हि.स.)।भागलपुर पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए ललमटिया थाना क्षेत्र से तीन संदिग्ध अपराधियों को एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और एक डंडा के साथ गिरफ्तार किया है यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान की गई। उक्त आशय की जानकारी सिटी एसपी अतुलेश झा ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।

सिटी एसपी ने बताया कि ललमटिया थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि अल्पसंख्यक बालिका छात्रावास के समीप कुछ अपराधी अवैध हथियार के साथ किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की नीयत से घूम रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-02 तथा ललमटिया थाना की टीम का गठन किया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को आते देखा पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से उन्हें घेरकर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल तथा एक डंडा बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपिताें में मो. साहिद (हुसैनाबाद, थाना बरारी), मो. निसाद (धोबिया काली, थाना विश्वविद्यालय) तथा मो. इजियाज (शाहजंगी, थाना हबीबपुर) शामिल है। बरामद हथियार और संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए आशंका है कि आरोपित किसी गंभीर आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। इस मामले में ललमटिया थाना में आर्म्स एक्ट एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story