किराना व्यवसायी के 3 बच्चों ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर रचा इतिहास,जिले को किया गौरवान्वित

WhatsApp Channel Join Now
किराना व्यवसायी के 3 बच्चों ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर रचा इतिहास,जिले को किया गौरवान्वित


सहरसा, 17 जुलाई (हि.स.)।

यदि मन मे सच्ची लगन और दृढ़ संकल्प हो, तो बिना महानगर के भी स्थानीय स्तर पर मार्गदर्शन पाकर भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।जिले के बिहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत तुलसियाही गांव के एक मध्यमवर्गीय परिवार के तीन सगे भाई-बहनों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट उत्तीर्ण कर पूरे देश में जिले को गौरवान्वित किया है।

गांव मे ही छोटी सी किराना दुकान चलाने वाले रोहित कुमार साह के दो बेटों और एक बेटी की एकसाथ सफलता से पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल है। गृह जिले में रहकर सबसे बड़े भाई रजनीश को 633 प्राप्त हुआ है, जो ऑल इंडिया रैंक 3122 एवं ओबीसी कैटेगरी रैंक 1173 है। रजनीश को कुल परसेंटाइल: 99.8425917 है जिसमें फिजिक्स में 99.84, केमिस्ट्री 99.66, बायोलॉजी: 97.86 है। यह रजनीश का तीसरा प्रयास है।

दूसरे नंबर की बहन साक्षी को 601 है जो ऑल इंडिया रैंक 9762 है जबकि ओबीसी कैटेगरी में 4340 रैंक है। कुल परसेंटाइल: 99.5092242 है जिसमें फिजिक्स में 99.82, केमिस्ट्री: 97.77, बायोलॉजी: 96.60 है। यह साक्षी का तीसरा प्रयास है।वही सबसे छोटे भाई प्रहलाद को 565 अंक मिले हैं, जो ऑल इंडिया रैंक 26751 है, जबकि ओबीसी कैटेगरी रैंक 12878 है। कुल परसेंटाइल 98.6615297 है जिसमें फिजिक्स: 99.44, केमिस्ट्री: 98.12, बायोलॉजी: 90.41 है। यह प्रहलाद का पहला प्रयास है।

तीनों भाई-बहनों ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के ही स्कूल से पूरी की है। साक्षी और रजनीश ने सीबीएसई बोर्ड से मैट्रिक करने के बाद बिहार बोर्ड से इंटरमीडिएट किया, जबकि सबसे छोटे भाई प्रहलाद ने मैट्रिक और इंटर दोनों की पढ़ाई बिहार बोर्ड से पूरी की।पहले ही प्रयास में सफलता पाने वाले प्रहलाद कुमार ने परीक्षा परिणाम सुचारू रूप से और समय पर जारी करने के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की सराहना की।

उन्होंने कहा कि समय पर परिणाम आने से परीक्षार्थियों का भरोसा मजबूत होता है। प्रहलाद भविष्य में ऑर्थोपेडिक सर्जन बनकर समाज की सेवा करना चाहते हैं।बच्चों के पिता रोहित कुमार एवं मां पूनम देवी ने तीनों भाई-बहनों की इस सफलता पर आंखें खुशी से नम हैं। उन्होंने कहा, मुझे विश्वास था कि बच्चों की मेहनत एक दिन रंग लाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

Share this story