नशीले पदार्थ के साथ तीन गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
नशीले पदार्थ के साथ तीन गिरफ्तार


भागलपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए भागलपुर पुलिस का अभियान जारी है। इसी क्रम में सबौर थाना पुलिस ने कुरपट चौक के समीप छापेमारी कर ब्राउन शुगर के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने इनके पास से कुल 14.32 ग्राम ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन और 2,350 रुपये नकद बरामद किए हैं। उक्त आशय की जानकारी गुरुवार को सिटी एसपी अतुलेश झा ने दी।

सिटी एसपी ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देश पर ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सबौर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुरपट चौक के पास मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। उसकी पहचान ज्योतिष कुमार, पिता जलधर यादव, निवासी अमडार, थाना सबौर के रूप में हुई।

तलाशी में उसके पास से 11.22 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। पूछताछ के बाद ज्योतिष कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी कर मो. लालू, पिता मो. सिराज और धर्मेंद्र कुमार, पिता विश्वनाथ मंडल, दोनों निवासी अमडार, को गिरफ्तार किया। इनके पास से 3.10 ग्राम ब्राउन शुगर और 2,350 रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सिटी एसपी का कहना है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story