तीसरे शाही स्नान में 19 आखाड़ों के साधु-संतों ने ब्रह्म कुण्ड में आस्था की डुबकी लगाई

WhatsApp Channel Join Now
तीसरे शाही स्नान में 19 आखाड़ों के साधु-संतों ने ब्रह्म कुण्ड में आस्था की डुबकी लगाई


नालंदा, 11 जून (हि.स.)। नालंदा जिलांतर्गत पयर्टक स्थल राजगीर में आयोजित मलमास मेला के दौरान गुरुवार को तीसरे शाही स्नान में 19आखाड़ों के साधु-संतों ने ब्रह्म कुण्ड में आस्था की डुबकी लगाई।

शाही स्नान के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के राजगीर पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर सुरक्षा एवं सुविधा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इस मौके पर जिलाधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मेला क्षेत्र में आधुनिक तकनीक की सहायता से चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। इसके लिए एक अत्याधुनिक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां से संपूर्ण मेला क्षेत्र में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

डीएम ने कहा कि किसी भी प्रकार की असामान्य स्थिति उत्पन्न होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए नियंत्रण कक्ष में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। दूसरी ओर पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए कहा कि शाही स्नान के दौरान भीड़ प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक रूप से पुलिस बल की चाक चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित की गई है । चप्पे-चप्पे मेला क्षेत्र के प्रमुख प्रवेश एवं निकास द्वारों, स्नान घाटों, मंदिर परिसरों, पार्किंग स्थलों तथा संवेदनशील स्थानों पर पुलिस पदाधिकारी एवं जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस बल की भी पर्याप्त तैनाती की गई है।

विभिन्न स्थानों पर सूचना एवं सहायता शिविर स्थापित किए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। खोया-पाया केंद्र भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है ताकि किसी भी श्रद्धालु के परिजन बिछड़ने की स्थिति में तत्काल सहायता प्रदान की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story