न्यू जलपाईगुड़ी-अलुआबाड़ी रेलखंड पर बिछेगी तीसरी-चौथी लाइन, 1453 करोड़ से अधिक होंगे खर्च

WhatsApp Channel Join Now
न्यू जलपाईगुड़ी-अलुआबाड़ी रेलखंड पर बिछेगी तीसरी-चौथी लाइन, 1453 करोड़ से अधिक होंगे खर्च


किशनगंज, 28 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर भारत को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण न्यू जलपाईगुड़ी-अलुआबाड़ी रोड रेलखंड पर अब तीसरी और चौथी रेल लाइन बिछाने की तैयारी शुरू हो गई है।

करीब 57 किलोमीटर लंबे इस रेल कॉरिडोर के लिए भारतीय रेलवे ने दो बड़े ईपीसी टेंडर जारी किए हैं। इन परियोजनाओं पर कुल 1453 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। इस परियोजना का सीधा लाभ किशनगंज सहित पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महत्वपूर्ण रेलमार्ग से जुड़े क्षेत्रों को मिलने की उम्मीद है।

परियोजना के तहत 1079.59 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से सिविल और ट्रैक संबंधी कार्य किए जाएंगे। इसमें न्यू जलपाईगुड़ी से चटरहाट तक 0.460 से 22.070 किलोमीटर तथा तीन माइल हाट से अलुआबाड़ी रोड तक 38.400 से 57.730 किलोमीटर के बीच निर्माण कार्य शामिल हैं।

इस पैकेज को करीब 1020 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत मिट्टी का काम, तटबंध, छोटे पुल, ट्रैक बिछाने, विद्युतीकरण, सिग्नल-टेलीकॉम, सर्विस बिल्डिंग, सड़क, जल निकासी और पेयजल आपूर्ति से जुड़े कार्य होंगे। रेलवे ने दूसरे पैकेज के तहत 373.40 करोड़ रुपये की लागत से आठ बड़े पुलों के निर्माण का टेंडर जारी किया है। इसके अलावा तीन रोड ओवर ब्रिज का पुनर्निर्माण और उनसे संबंधित सिग्नल एवं टेलीकॉम कार्य भी किए जाएंगे। इससे रेल और सड़क यातायात के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर नजर रखने के लिए 4के हाई-रेजोल्यूशन जियो-टैग्ड ड्रोन वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इसे गूगल मैप और इसरो के भुवन जीआईएस प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। साथ ही क्लाउड आधारित रेल प्रोजेक्ट मैनेजमेंट सिस्टम से निगरानी होगी।

परिचालन सुरक्षा के लिए 48 फाइबर ऑप्टिकल केबल, एलईडी कलर लाइट सिग्नल और इलेक्ट्रिक पॉइंट मशीन लगाई जाएंगी। रेलवे की इस महत्वाकांक्षी परियोजना से न्यू जलपाईगुड़ी, किशनगंज और अलुआबाड़ी रोड रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही की क्षमता बढ़ेगी। यात्री ट्रेनों के परिचालन, समयबद्धता और माल ढुलाई में सुधार होने के साथ क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784674 Articles

Share this story