खिड़की काटकर घर में घुसे चोर, गैस सिलेंडर, मोबाइल व रुपये ले जाने का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
खिड़की काटकर घर में घुसे चोर, गैस सिलेंडर, मोबाइल व रुपये ले जाने का आरोप


किशनगंज, 14 सितंबर (हि.स.)। शहर के मोतीबाग कर्बला, वार्ड संख्या पांच में घर की खिड़की काटकर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर पीड़ित महिला यासमीन ने सोमवार को किशनगंज सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

प्राथमिकी में घर से भरा गैस सिलेंडर, मोबाइल फोन और किराना दुकान में रखे रुपये चोरी किए जाने का आरोप लगाया गया है। महिला ने चोरी का विरोध करने पर आरोपितों के परिजनों पर गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, यासमीन अपने घर में ही किराना की छोटी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। 14 सितंबर की सुबह कुछ युवक कथित तौर पर खिड़की काटकर उनके घर में प्रवेश कर गए। आरोप है कि घर से भरा हुआ गैस सिलेंडर और एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया गया। इसके अलावा दुकान में रखे डिब्बे से रुपये भी निकाल लिए गए। पीड़िता के अनुसार, खिड़की से बाहर निकलने के दौरान आवाज सुनकर घर के लोगों की नींद खुल गई।

दरवाजा खोलने पर आरोपित भागने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान घर का सामान भी इधर-उधर कर दिया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

आरोपों की सत्यता और घटना में शामिल लोगों की पहचान को लेकर पुलिस छानबीन कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story