एक्सिस बैंक का एटीएम काट रुपए ले गए चोर

WhatsApp Channel Join Now
एक्सिस बैंक का एटीएम काट रुपए ले गए चोर


डेहरी आन सोन, 14 जून (हिस )। रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र के सासाराम चौसा पथ पर बस पड़ाव के समीप स्थित एक्सिस बैंक का एटीएम को रविवार अहले सुबह लगभग तीन बजे चोरों ने गैस कटर से काटकर रुपए की चोरी कर ली।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम भी पहुंच गई है।

थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि लगभग तीन बजे सुबह में चोरों द्वारा चोरी की इस घटना को अंजाम दिया गया है। कितने रुपए की चोरी हुई है यह अभी पता नहीं चल पाया है।

बताया कि चार नकाबपोश अपराधी बोलेरे वाहन से बक्सर की तरफ से आए थे। मुंबई स्थित एटीएम के कंट्रोल रूम में अलार्म बजने के बाद घटना की जानकारी हुई और तत्काल इसकी सूचना रोहतास पुलिस को दी। जिसके बाद कोचस थाना की पुलिस को मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस एटीएम के पास पहुँची तबतक चोर घटना को अंजाम दे भाग निकले थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है।

लोगों का कहना है कि कोचस में यह एकमात्र एटीएम था जो 24 घंटा खुला रहता था। हालांकि यहां कोई सुरक्षा गार्ड नहीं रहता था।

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र मिश्रा

Share this story