कलकतिया फार्म स्थित मां काली मंदिर में चोरी, मुकुट-हार समेत कीमती सामान ले उड़े चोर
किशनगंज, 19 जून (हि.स.) । जिले में ठाकुरगंज नगर पंचायत क्षेत्र के कलकतिया फार्म स्थित प्रसिद्ध मां काली मंदिर में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर के ताले तोड़कर मां काली का मुकुट, सोने का हार, घी तथा अन्य कीमती सामान चुरा लिया।
घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह उस समय हुई जब मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य और श्रद्धालु नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। मौके पर पहुंचने पर मंदिर के दोनों मुख्य द्वारों के ताले टूटे हुए मिले और गर्भगृह से कई सामान गायब पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मंदिर परिसर में जुट गए। लोगों ने इस घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर के दोनों प्रवेश द्वारों पर बड़े और मजबूत ताले लगे हुए थे। इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर ताले तोड़े और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
हैरानी की बात यह है कि मंदिर घनी आबादी वाले इलाके में स्थित है, जहां देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है, फिर भी किसी को घटना की भनक नहीं लगी। घटना की सूचना मिलते ही ठाकुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा संभावित सुराग जुटाने का प्रयास किया। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब इस मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया हो। इससे पूर्व सितंबर 2023 में भी मंदिर में चोरी की घटना हुई थी, जिसका अब तक कोई ठोस खुलासा नहीं हो सका है। इसके अलावा रेलवे गेट के समीप स्थित मां काली मंदिर तथा जैन मंदिर में भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मंदिर चोरी मामले का शीघ्र खुलासा करने, चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पूरे ठाकुरगंज में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और लोगों की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हुई हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

