बथनाहा में अज्ञात चोरों ने की ज्वेलरी और किराना दुकान में चोरी
अररिया 11 जून(हि.स.)। जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र के सबसे अधिक भीड़ भाड़ वाले व्यस्ततम जगहों में से एक हाट चौक स्थित आस्था हॉस्पिटल से सटे बीती रात्रि अज्ञात चोरों ने जगरनाथ ठाकुर की रानी ज्वेलर्स नामक दुकान में शटर का ताला तोड़कर ढाई लाख से अधिक के गहनों की चोरी कर ली। जबकि उसी आहते में सुरेश गुप्ता के किराना दुकान से भी लगभग एक लाख रुपए के किराना सामान की चोरी हुई है।
घटना की जानकारी दुकानदारों को पता तब हुई जब वे सुबह में दुकान खोलने आए और दुकान में सभी सामान को बिखरा पड़ा हुआ पाया।
सामान बिखरा पड़ा हुआ देख दुकानदार स्तब्ध रह गए, दुकान में चोरी हुई सामान का खोजबीन करने लगे।
इसी बीच घटना की जानकारी बथनाहा थानाध्यक्ष राजवीर साहू को दी गई। मौके पर पहुंचकर थानाध्यक्ष ने पहुंचकर सभी बिंदुओं की जांच की और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

