सेना के सूबेदार के घर में घुसे चोर, लाखों के जेवरात और नकदी पार, 3 संदिग्ध हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now
सेना के सूबेदार के घर में घुसे चोर, लाखों के जेवरात और नकदी पार, 3 संदिग्ध हिरासत में


भागलपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के औद्योगिक जीरोमाइल थाना क्षेत्र के मीराचक स्थित मां तारा कॉलोनी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। यह वारदात भारतीय सेना में नायब सूबेदार शंभू कुमार मिश्र के मकान में रहने वाली किराएदार निधि झा के घर पर हुई।

घटना के वक्त पूरा परिवार दुर्गा पूजा मनाने अपने पैतृक गांव बिहपुर के भ्रमरपुर गया हुआ था। शातिर चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए मकान के पिछले हिस्से को चुना। चोर पीछे से छत पर चढ़े और सीढ़ी का दरवाजा तोड़कर भीतर दाखिल हुए। कमरों में रखी अलमारी, दीवान और बक्सों को खंगालकर चोरों ने करीब 50,000 नगद समेत भारी मात्रा में आभूषण गायब कर दिए। पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने की नीयत से चोरों ने सीसीटीवी कैमरों में तोड़फोड़ की और रिकॉर्डिंग यूनिट को भी उखाड़ ले गए।

इस बड़ी वारदात का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता निधि झा ने अपने मोबाइल पर घर का सीसीटीवी कैमरा बंद देखा। कैमरा ऑफ होने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पड़ोसियों को फोन कर घर जाकर देखने को कहा। पड़ोसियों ने जब मकान के ताले टूटे देखे तो पुलिस और पीड़ित परिवार को सूचित किया। डायल-112 पर सूचना मिलते ही औद्योगिक जीरोमाइल थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घर के पीछे फेंका गया डीवीआर बरामद कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष डॉग स्क्वॉड को भी जांच में लगाया गया। पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस प्रशासन का दावा है कि जल्द ही मामले का पूरी तरह खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767119 Articles

Share this story