शिक्षक के घर दिनदहाड़े चोरी, सोने-चांदी के जेवर व नकदी लेकर फरार हुए चोर

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षक के घर दिनदहाड़े चोरी, सोने-चांदी के जेवर व नकदी लेकर फरार हुए चोर


किशनगंज, 22 जुलाई (हि.स.)। शहर के वार्ड संख्या-24 स्थित पानीटंकी वाजपेयी कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरों ने एक शिक्षक के सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी की चोरी कर ली। घटना की सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पीड़ित शिक्षक दीपक झा ने बुधवार काे सदर थाना में दर्ज कराए आवेदन में बताया कि वह मंगलवार सुबह करीब आठ बजे विद्यालय चले गए थे। परिवार के अन्य सदस्य पहले से ही मायके गए हुए थे। शाम करीब पांच बजे घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य गेट के अंदर बरामदे की ग्रिल और दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। कमरे में रखी गोदरेज आलमारी खुली थी और उसका सारा सामान बिखरा पड़ा था। आलमारी की जांच करने पर करीब 50 ग्राम सोने के जेवर, लगभग 300 ग्राम चांदी के आभूषण तथा 25 हजार रुपये नकद गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल पड़ोसियों को सूचना दी और डायल-112 पर पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित की शिकायत के आधार पर सदर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बुधवार को

सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि चोरी की घटना के उद्भेदन के लिए छापेमारी की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story