सरकारी निरीक्षण भवन में चोरी का खुलासा, नौ आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सरकारी निरीक्षण भवन में चोरी का खुलासा, नौ आरोपित गिरफ्तार


किशनगंज, 27 नवंबर (हि.स.)। शहर के भवन निर्माण विभाग के सरकारी निरीक्षण भवन में हुई चोरी के मामले में सदर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से चोरी का लैपटॉप, खाली गैस सिलेंडर, आयरन, एक्सटेंशन बोर्ड और ट्रिमर समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस सभी आरोपितों से पूछताछ कर घटना में उनकी भूमिका और चोरी गए शेष सामान के बारे में जानकारी जुटा रही है।

गिरफ्तार आरोपितों में धरमगंज निवासी सूरज शर्मा, माझिया रोड निवासी अंकित राय और मोहम्मद जाहिद, खगड़ा निवासी करण कुमार, रामा कुमार, रोहित कुमार, मोहम्मद सद्दाम और अब्दुल तथा हाथीपट्टी निवासी मोहम्मद सलीमुद्दीन शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, निरीक्षण भवन से भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता ई. पंकज कुमार सिंह का लैपटॉप, तीन पेन ड्राइव, आठ हजार रुपये नकद, एक गैस सिलेंडर और रसोई का अन्य सामान चोरी हुआ था।

निरीक्षण भवन के केयरटेकर कन्हैया कुमार ने 19 नवंबर को विभाग को चोरी की जानकारी दी थी। इसके बाद कार्यपालक अभियंता ने सदर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले में सदर थाना कांड संख्या 1266/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को चोरी में शामिल आरोपितों के संबंध में गुप्त सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस ने विभिन्न इलाकों में कार्रवाई करते हुए नौ लोगों को गिरफ्तार किया।

पुलिस बरामद सामान का प्राथमिकी में दर्ज चोरी गए सामान से मिलान कर रही है। साथ ही घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता और चोरी के शेष सामान की बरामदगी को लेकर भी जांच जारी है। निरीक्षण भवन से लैपटॉप और तीन पेन ड्राइव की चोरी को गंभीर माना जा रहा है। बताया जाता है कि इन उपकरणों में विभागीय कामकाज से संबंधित महत्वपूर्ण डेटा, पत्राचार और सरकारी रिकॉर्ड मौजूद थे। ऐसे में सरकारी दस्तावेजों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठे हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर चोरी की पूरी कड़ी का पता लगाने में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784101 Articles

Share this story