महिला सिपाहियों के किराये के मकान में चोरी, जेवर-नकदी लेकर फरार हुए बदमाश

WhatsApp Channel Join Now

किशनगंज, 14 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन के समीप स्थित घोड़ामारा में किराये के मकान में रह रही तीन महिला सिपाहियों के आवास में चोरी की घटना सामने आई है।

बदमाशों ने मकान के मुख्य दरवाजे समेत कई कमरों की कुंडियां काटकर सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

मामले में पीड़िता महिला सिपाही अनुप्रिया ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के अनुसार अनुप्रिया वर्तमान में लोक शिकायत निवारण कोषांग में कार्यरत हैं और घोड़ामारा स्थित किराये के मकान में दो अन्य महिला सिपाहियों के साथ रहती थीं। 12 जुलाई को पड़ोसी ने फोन कर मकान के मुख्य दरवाजे की कुंडी कटी होने की सूचना दी।

सूचना मिलने पर जब वह लौटीं तो देखा कि मुख्य दरवाजे सहित अन्य कमरों की कुंडियां भी काट दी गई थीं और घर का सामान बिखरा पड़ा था।

बताया गया है कि घटना के समय दो महिला सिपाही अवकाश पर अपने घर गई हुई थीं, जबकि एक महिला सिपाही का तबादला हो चुका था। मकान खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोरी गए सामान में करीब 10 ग्राम सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, लगभग 35 ग्राम वजन की दो जोड़ी चांदी की पायल, चांदी के सिक्के तथा दो हजार रुपये नकद शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।

पुलिस लाइन के समीप महिला पुलिसकर्मियों के किराये के मकान में हुई चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है।

लोगों का कहना है कि जब पुलिसकर्मियों के आवास सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story