सासाराम में दो दिवसीय शेरशाह सूरी महोत्सव का शुभारंभ, सूफी गीतों पर झूमे श्रोता

WhatsApp Channel Join Now
सासाराम में दो दिवसीय शेरशाह सूरी महोत्सव का शुभारंभ, सूफी गीतों पर झूमे श्रोता


सासाराम में दो दिवसीय शेरशाह सूरी महोत्सव का शुभारंभ, सूफी गीतों पर झूमे श्रोता


डेहरी आन सोन, 22 मई (हिस ) सासाराम में पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में फजलगंज स्टेडियम में दो दिवसीय शेरशाह सूरी महोत्सव का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी उदिता सिंह, विधान पार्षद निवेदिता सिंह, डेहरी विधायक राजीव रंजन सिंह, उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडेय तथा एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया।

उद्घाटन सत्र में डीएम उदिता सिंह ने कहा कि शेरशाह सूरी केवल बिहार नहीं, पूरे देश के गौरव हैं। महोत्सव का उद्देश्य नई पीढ़ी को उनकी ऐतिहासिक विरासत, प्रशासनिक क्षमता और सांस्कृतिक योगदान से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय कलाकारों को नई पहचान देते हैं।

डॉक्यूमेंट्री और रील प्रतियोगिता:

कार्यक्रम की शुरुआत शेरशाह सूरी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म से हुई। इसमें उनके प्रशासनिक कौशल, न्यायप्रियता, सड़क निर्माण, डाक व्यवस्था व राष्ट्र निर्माण में योगदान को दिखाया गया। इसके बाद “शेरशाह सूरी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व” विषय पर रील प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां:

कला जत्था के लोकगायन एवं अल्हा गायन ने पारंपरिक संस्कृति की झलक दी। दीपशिखा डांस ग्रुप की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं। गायक कुमार सत्यम के सूफी गीतों एवं गजलों पर लोग देर रात तक झूमते रहे। गायिका हर्षप्रीत कौर ने भी मधुर गीतों से दिल जीता।

मुशायरा और विचार गोष्ठी:

मुशायरे में शायरों ने गजल व नज्म से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। विचार गोष्ठी में इतिहासकारों ने शेरशाह सूरी की भू-राजस्व प्रणाली, न्याय व्यवस्था और सड़क निर्माण में भूमिका पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि उनकी नीतियों का प्रभाव आज भी भारतीय प्रशासन में दिखता है।

दूसरे दिन का आकर्षण:

प्रभारी पर्यटन पदाधिकारी विनय प्रताप ने बताया कि शुक्रवार को गायक आनंद तिवारी, उत्तमा मिश्रा, मोनी झा एवं तान्या मौआरा प्रस्तुति देंगी। श्रीराम कला वाटिका व साकार कला समूह नृत्य पेश करेंगे। मुख्य आकर्षण शाबरी ब्रदर्स की सूफी गीत एवं कव्वाली होगी।

स्टॉल और लाइटिंग:

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। शेरशाह सूरी मकबरा को आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया है। पूरे स्टेडियम परिसर को सांस्कृतिक सजावट से भव्य रूप दिया गया है। महोत्सव को लेकर शहरवासियों में भारी उत्साह है।

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र मिश्रा

Share this story