अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने थानाध्यक्षों के साथ की क्राइम मीटिंग

WhatsApp Channel Join Now

किशनगंज, 07 अगस्त (हि.स.)।जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस सभागार में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की अध्यक्षता में क्राइम मीटिंग आयोजित की गई।

बैठक में जिले के सभी एसडीपीओ, थानाध्यक्षों तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए। सुबह 11 बजे शुरू हुई बैठक देर शाम तक चली, जिसमें अपराध नियंत्रण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक के दौरान एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य में लापरवाही या उदासीनता बरतने वाले पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।

उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया। एसपी संतोष कुमार ने अवैध लॉटरी, मादक पदार्थों के कारोबार तथा अवैध शराब के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाने और ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने प्रत्येक थानाध्यक्ष को प्रतिदिन स्वयं थाना क्षेत्र में गश्त करने, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने तथा लंबित वारंट, इश्तेहार और कुर्की की कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया।

बैठक में लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने, मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा विवेचना में तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा बिहार सरकार एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित विभिन्न ऑनलाइन पोर्टल और मोबाइल एप का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि पुलिस कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाई जा सके। एसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण और आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने के लिए सभी पुलिस पदाधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story