जनसुनवाई में एसपी ने सुनीं फरियाद, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जनसुनवाई में एसपी ने सुनीं फरियाद, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश


किशनगंज, 08 अक्टूबर (हि.स.)। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और फरियादियों को समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराने को लेकर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय, किशनगंज में जनसुनवाई का आयोजन किया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याएं एवं शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। एसपी ने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी तथा संबंधित मामलों की जानकारी ली।

जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का पुलिस अधीक्षक ने अवलोकन करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और कार्रवाई में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।एसपी ने अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी आम नागरिकों की समस्याओं को सुनना, उन्हें सुरक्षा का भरोसा देना और नियमानुसार न्याय दिलाना है। जनसुनवाई के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे पुलिस के वरीय अधिकारी के समक्ष रखने का अवसर मिलता है। ऐसे में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मामलों की जांच में निष्पक्षता बनाए रखते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी करें। साथ ही शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की स्थिति से अवगत कराने पर भी जोर दिया गया।

जनसुनवाई के दौरान पुलिस कार्यालय में मौजूद फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर एसपी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। पुलिस प्रशासन की इस पहल से आम लोगों में अपनी शिकायतों के समाधान को लेकर भरोसा बढ़ने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story