गैस आपूर्ति व आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर सचिव ने की समीक्षा, प्रशासन को दिए आवश्यक निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
गैस आपूर्ति व आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर सचिव ने की समीक्षा, प्रशासन को दिए आवश्यक निर्देश


किशनगंज, 01 अप्रैल (हि.स.)। समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में बुधवार को नागरिक उड्डयन-सह-पर्यटन विभाग के सचिव निलेश रामचन्द्र देवरे की अध्यक्षता में गैस आपूर्ति एवं आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को लेकर जिलास्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में एलपीजी गैस की आपूर्ति, वितरण व्यवस्था तथा आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान आईओसीएल, बीपीसीएल एवं एचपीसीएल की गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई। जिला नोडल पदाधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 33 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जिनमें आईओसीएल की एजेंसियों की संख्या सर्वाधिक है। बांका एवं पूर्णिया से आने वाली गैस आपूर्ति तथा सड़क परिवहन व्यवस्था पर भी चर्चा की गई।

कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों के संधारण की व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया गया। वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर सचिव ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि हॉस्टल, अस्पताल और सरकारी विद्यालयों में गैस की कमी से किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होनी चाहिए।

जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी रोकने के लिए 31 मार्च को जिले के 46 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई। इसके अलावा कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान यूरिया, डीएपी समेत खाद्य उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण की स्थिति पर चर्चा की गई।

जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिले में लगभग 7000 हेक्टेयर में चाय तथा 3000 हेक्टेयर में पाइनएप्पल की खेती की जाती है। इसके अलावा एक लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में कृषि कार्य होता है तथा जिले में तीन कोल्ड स्टोरेज संचालित हैं।बैठक में ठाकुरगंज ग्रिड की स्थिति पर भी चर्चा हुई। डीएम ने बताया कि जिले में खाद्यान्न, आटा, उर्वरक एवं गैस सहित आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। सचिव ने अन्य राज्यों में गैस आधारित उद्योग प्रभावित होने के कारण प्रवासी श्रमिकों के संभावित आगमन को लेकर प्रशासन को सतर्क रहने का निर्देश दिया। साथ ही जीविका समूहों की ‘दीदी की रसोई’ में शत-प्रतिशत गैस उपलब्धता की जानकारी दी गई।

बैठक में किशनगंज जिले के ठाकुरगंज, बहादुरगंज एवं पोआखली नगर पंचायत को शहरी क्षेत्र के रूप में शामिल करने का मुद्दा भी उठाया गया। सचिव ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की समस्या के समाधान हेतु एरिया मैनेजर से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। बैठक के उपरांत सचिव ने समाहरणालय परिसर स्थित आपदा प्रबंधन कार्यालय में संचालित कंट्रोल रूम का निरीक्षण भी किया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story