भागलपुर में मतदान के दौरान हंगामा: कृषि भवन केंद्र पर भाजपा और जन सुराज समर्थकों में तीखी नोकझोंक
भागलपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के दौरान शुक्रवार को भागलपुर के कृषि भवन मतदान केंद्र पर हंगामा और अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। मतदान केंद्र पर भारतीय जनता पार्टी और जन सुराज के समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई, जिससे कुछ देर के लिए मतदान प्रक्रिया प्रभावित होने की स्थिति बन गई। मिली जानकारी के अनुसार, जन सुराज के समर्थकों ने एनडीए प्रत्याशी डॉ. एनके यादव की पत्नी बीना यादव पर गंभीर आरोप लगाए।
विपक्षियों का कहना था कि बीना यादव मतदान केंद्र के भीतर मतदाताओं के बीच प्रत्याशी की तस्वीर छपी हुई डायरी बांट रही थीं, जो सीधे तौर पर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है। जन सुराज समर्थकों ने जब इस बात का कड़ा विरोध किया, तो भाजपा समर्थक भी आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जोरदार कहासुनी और गहमागहमी शुरू हो गई। घटना के वक्त मतदान केंद्र पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और मतदाताओं में असमंजस फैल गया। हालांकि, मौके की संवेदनशीलता को देखते हुए वहां तैनात सुरक्षा बलों के जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला।
सुरक्षाकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर और सख्ती दिखाते हुए शांत कराया। जवानों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति पूरी तरह सामान्य हो सकी और मतदान प्रक्रिया दोबारा सुचारू रूप से शुरू की गई। वहीं दूसरी ओर, एनडीए प्रत्याशी की पत्नी बीना यादव ने विपक्ष के इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल अपनी संभावित हार को देखकर पूरी तरह बौखला गए हैं और हताशा में इस तरह के बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। इस घटना को लेकर काफी देर तक मतदान केंद्र के बाहर और भीतर सियासी सरगर्मी तेज रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

