सिटी चैनल में दिखी पुरानी पुलिया, अब नवगछिया की ओर से मुख्य धारा से गुजरेगा जहाज

WhatsApp Channel Join Now
सिटी चैनल में दिखी पुरानी पुलिया, अब नवगछिया की ओर से मुख्य धारा से गुजरेगा जहाज


भागलपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। गंगा नदी के जलस्तर में दिसंबर से पहले ही तेजी से हो रही गिरावट का सीधा असर अब जलमार्ग परिचालन पर दिखने लगा है।

शहर की ओर प्रवाहित होने वाले सिटी चैनल में पानी कम होने के कारण माणिक सरकार घाट के समीप पानी में डूबी एक पुरानी पुलिया ऊपर दिखाई देने लगी है। किसी संभावित दुर्घटना और जहाज के निचले हिस्से के पुलिया से टकराने की आशंका को देखते हुए भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने 'गंगा विलास क्रूज' का मार्ग बदलने का निर्णय लिया है।

प्राधिकरण के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, अब 27 नवंबर को भागलपुर से गुजरने वाले गंगा विलास क्रूज को सिटी चैनल के बजाय नवगछिया की ओर से गंगा की मुख्य धारा के रास्ते निकाला जाएगा। कोलकाता से आ रहा यह लग्जरी क्रूज 26 नवंबर की शाम तक कहलगांव स्थित बटेश्वर स्थान पहुंचेगा। इसके अगले दिन यानी 27 नवंबर को इसे मुख्य धारा की ओर मोड़ते हुए विक्रमशिला सेतु के नीचे से आगे रवाना किया जाएगा।

आईडब्ल्यूएआई के अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ के दौरान पर्याप्त पानी रहने और नाथनगर के रत्तीपुर बैरिया के पास मुहाना खुलने से सिटी चैनल में अमूमन जहाजों के परिचालन योग्य जलस्तर बना रहता था। हालांकि, इस वर्ष जलस्तर में अपेक्षाकृत तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। दूसरी ओर, नवगछिया की तरफ गंगा की मुख्य धारा में अभी भी पर्याप्त गहराई और पानी उपलब्ध है, जिससे क्रूज का परिचालन पूरी तरह सुरक्षित रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story