महिलाओं को न्याय और अधिकार दिलाने में मददगार बनेगा जीविका दीदी अधिकार केंद्र

WhatsApp Channel Join Now
महिलाओं को न्याय और अधिकार दिलाने में मददगार बनेगा जीविका दीदी अधिकार केंद्र


किशनगंज, 18 नवंबर (हि.स.)। महिलाओं को उनके हक, अधिकार और न्याय दिलाने के साथ घरेलू हिंसा एवं सामाजिक कुरीतियों से संरक्षण प्रदान करने की दिशा में बुधवार को टेढ़ागाछ प्रखंड कार्यालय परिसर में जीविका दीदी अधिकार केंद्र की शुरुआत की गई। अतिथियों ने फीता काटकर केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया।

इस केंद्र के माध्यम से जरूरतमंद और पीड़ित महिलाओं को कानूनी परामर्श, मनोवैज्ञानिक सलाह, आश्रय, पुनर्वास तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने में सहायता प्रदान की जाएगी। जीविका की जिला परियोजना प्रबंधक अनुराधा चंद्रा ने बताया कि इस केंद्र की शुरुआत के साथ किशनगंज जिले के पांच प्रखंडों में जीविका दीदी अधिकार केंद्र का संचालन शुरू हो गया है।

इन केंद्रों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को लैंगिक भेदभाव, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न और लैंगिक असमानता जैसी समस्याओं से निपटने में सहायता उपलब्ध कराना है। हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए अल्पकालीन पुनर्वास की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने बताया कि केंद्र के माध्यम से पुलिस, विधि, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न सरकारी विभागों से समन्वय स्थापित कर पीड़ित महिलाओं को आवश्यक सहायता दिलाई जाएगी।

इसके अलावा बाल विवाह की रोकथाम, दहेज प्रथा उन्मूलन और महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। केंद्र के संचालन की जिम्मेदारी समन्वयक दीदियों को दी गई है, जबकि गांव और पंचायत स्तर पर सक्षमा दीदियां जरूरतमंद महिलाओं की पहचान कर उन्हें केंद्र से जोड़ेंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की पीड़ित महिलाओं को भी समय पर सहायता मिल सकेगी।

टेढ़ागाछ स्थित इस केंद्र का संचालन विश्वास जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर प्रबंधक जीविका गिरीश कुमार दास, ऋषभ प्रसाद, बीपीएम टेढ़ागाछ पप्पू कुमार, जीविका कर्मी अमरेश, सतीश, गोपाल, शिवानंद, राहुल, समिति की लीडर दीदियां, जीविका दीदियां और कैडर उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779270 Articles

Share this story