पूर्णिया क्षेत्र के आईजी ने किया किशनगंज थाने का वार्षिक निरीक्षण
किशनगंज, 15 सितंबर (हि.स.)। पूर्णिया क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विवेकानंद ने मंगलवार को किशनगंज थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार समेत थाना के अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। आईजी के थाना पहुंचने पर पुलिस लाइन के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। करीब तीन घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान आईजी ने थाना की कार्यप्रणाली और पुलिसिंग व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में आईजी ने थाना में संधारित विभिन्न पुलिस अभिलेखों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लंबे समय से लंबित कांडों के अनुसंधान, गंभीर आपराधिक मामलों की अद्यतन स्थिति, अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। गंभीर मामलों में लंबित अनुसंधान को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया।
आईजी ने महिला अपराध से जुड़े मामलों में भी संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से लंबित मामलों के कारणों की जानकारी लेते हुए अनुसंधान की गुणवत्ता बनाए रखने और समय पर कार्रवाई पूरी करने पर जोर दिया। इसके बाद आईजी ने थाना परिसर की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आईजी ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य अपराध पर नियंत्रण के साथ आम लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करना है। इसके लिए पुलिस पदाधिकारियों को आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित निष्पादन करना चाहिए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए आईजी ने थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए।उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करने को कहा। निरीक्षण के दौरान थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

