आधुनिक पार्क का किया गया शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now
आधुनिक पार्क का किया गया शिलान्यास


भागलपुर, 15 जून (हि.स.)। भागलपुर के टीएनबी कॉलेजिएट मैदान परिसर में बनने वाले आधुनिक पार्क का शिलान्यास सोमवार को नगर विकास एवं आवास मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा एवं पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने संयुक्त रूप से किया।

उल्लेखनीय है कि इस पार्क का निर्माण लगभग 2.32 करोड़ रुपये की राशि से कराया जायेगा। निर्माण एजेंसी का चयन पहले ही किया जा चुका है। एजेंसी को 12 माह के अंदर कार्य पूरा करना होगा। पार्क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को कई तरह के लाभ मिलेंगे। यह शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक होगा, वहीं पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। पार्क विकसित होने से आसपास की हवा और पानी की गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद है। इसके अलावा सामाजिक गतिविधियों और आपसी मेलजोल को भी बढ़ावा मिलेगा।

पार्क तैयार होने के बाद लोगों को टहलने, खेलने और व्यायाम करने के लिए बेहतर एवं पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

शिलान्यास कार्यक्रम में मेयर डॉ. बसुंधरा लाल, नगर विधायक रोहित पांडेय, डॉ. प्रीति शेखर समेत कई पार्षद, नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इस मॉडल पार्क में पवेलियन, पाथवे, जॉगिंग ट्रैक, बैठने की व्यवस्था, बच्चों के खेलने का क्षेत्र, खेल एरिया, लॉन गार्डन, बाउंड्री एनक्लोजर वॉल, ओपन जिम, बच्चों के लिए मिनी पार्क, सैंड पिट, सेंट्रल पार्क, आकर्षक प्रवेश द्वार, इंटरएक्टिव प्लाजा, गार्ड रूम, टिकटिंग काउंटर, बागवानी उपकरणों के लिए स्टोर रूम, पेयजल और शौचालय की सुविधाओं का निर्माण कराया जायेगा।

इसके अलावा फूलों की क्यारियों के साथ पार्क के मध्य में विकसित इनबिल्ट प्लांटर इसकी खूबसूरती को और बढ़ायेंगे। पार्क तक पहुंच को सुगम बनाने के लिए पीसीसी एप्रोच रोड का भी निर्माण किया जायेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story