जिलाधिकारी ने सलखुआ प्रखंड के पूर्वी कोशी तटबंध का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने सलखुआ प्रखंड के पूर्वी कोशी तटबंध का किया निरीक्षण


सहरसा, 10 जून (हि.स.)। कोशी नदी के संभावित दबाव एवं वर्षाकाल को दृष्टिगत रखते हुए शेष सभी सुरक्षात्मक एवं अनुरक्षण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर अविलंब पूर्ण करने को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी दीपेश कुमार द्वारा सलखुआ प्रखंड अंतर्गत पूर्वी कोशी तटबंध के 117 किलोमीटर पर अवस्थित स्पर का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पर की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से संरचना की सुरक्षा एवं मजबूती के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने तटबंध एवं स्पर की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।निरीक्षण क्रम में कोशी नदी के संभावित दबाव एवं वर्षाकाल को दृष्टिगत रखते हुए शेष सभी सुरक्षात्मक एवं अनुरक्षण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर अविलंब पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। ताकि तटबंध की सुरक्षा सुनिश्चित रहे।

निरीक्षण के क्रम में संबंधित विभाग के अभियंताओं एवं पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा संरचनाओं की सतत मॉनिटरिंग एवं समयबद्ध रखरखाव पर विशेष बल दिया गया।

जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार द्वारा सलखुआ प्रखंड अंतर्गत स्थित सुइस गेट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुइस गेट की वर्तमान स्थिति, जल निकासी व्यवस्था एवं संबंधित संरचनाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने उक्त अवसर पर उपस्थित संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं से सुइस गेट के संचालन, रखरखाव तथा क्षेत्र में जल प्रबंधन की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने निर्देश दिया कि सुइस गेट का नियमित निरीक्षण एवं आवश्यक अनुरक्षण कार्य समय पर पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि वर्षा ऋतु के दौरान जल निकासी में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र के किसानों एवं आमजन की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जल संसाधन संबंधी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने तथा संभावित जलजमाव की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उक्त अवसर पर उप विकास आयुक्त गौरव कुमार संबंधित तकनीकी पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

Share this story