विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के प्रथम शिविर का जिला पदाधिकारी ने शुभारंभ किया

WhatsApp Channel Join Now
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के प्रथम शिविर का जिला पदाधिकारी ने शुभारंभ किया


सहरसा, 25 अगस्त (हि.स.)। विद्यार्थियों की शैक्षणिक और छात्रावास संबंधी समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास में आयोजित विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के प्रथम शिविर का आयोजन किया गया।

इस शिविर का औपचारिक शुभारंभ जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार द्वारा किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने छात्र कल्याण के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि विद्यार्थी सहयोग पोर्टल विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याओं को सुव्यवस्थित ढंग से प्राप्त कर उनके समाधान की प्रक्रिया को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाया जा सकेगा।

प्रशासन द्वारा छात्रों की सुविधा के लिए इस पहल के तहत निम्नलिखित महत्वपूर्ण प्रावधान सुनिश्चित किए गए हैं। छात्रों से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए प्रत्येक माह के पहले मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा।

परिवाद दर्ज होने की तिथि से 30 दिनों के भीतर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा और आवेदक को इसकी सूचना प्रदान की जाएगी।यह पोर्टल केवल शिकायतों के निवारण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यवस्था को अधिक उत्तरदायी बनाने का एक माध्यम है।

विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान, बेहतर शिक्षा की ओर मजबूत कदम के मूल मंत्र के साथ जिला प्रशासन छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

Share this story