जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने उच्च विद्यालय गंडौल का निरीक्षण किया

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने उच्च विद्यालय गंडौल का निरीक्षण किया


जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने उच्च विद्यालय गंडौल का निरीक्षण किया


सहरसा, 01 सितंबर (हि.स.)। जिले में विद्यालयों में पठन-पाठन को सुदृढ़ करने एवं विद्यालयी व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी दीपेश कुमार द्वारा विद्यालयों का लगातार निरीक्षण किया गया।

इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी दीपेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग द्वारा उच्च विद्यालय, गांडौल, महिषी का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनके पठन-पाठन एवं विद्यालय से संबंधित विषयों की जानकारी ली तथा बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य के प्रति प्रेरित रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

विद्यालय में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति संतोषजनक पाई गई। जिलाधिकारी ने विद्यालय में पठन-पाठन की स्थिति एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए प्रधानाध्यापक को विद्यालय की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।जिलाधिकारी ने विद्यालय में संचालित आईसीटी लैब एवं स्मार्ट क्लास का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने उपलब्ध तकनीकी एवं डिजिटल संसाधनों का विद्यार्थियों के शैक्षणिक हित में अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षण का लाभ मिल सके।

उन्होंने पेरेंट-टीचर मीटिंग नियमित रूप से आयोजित करने का निर्देश देते हुए कहा कि अभिभावकों और शिक्षकों के बीच निरंतर संवाद से बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, उपस्थिति एवं विद्यालय से जुड़ाव को और बेहतर किया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, नियमित उपस्थिति, स्वच्छता तथा उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के महत्वपूर्ण आधार हैं।

उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों को अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का निर्देश दिया।

उक्त अवसर पर पुलिस अधीक्षक, विक्रम सिहाग एवं सहायक समाहर्ता केतन शुक्ला उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

Share this story