दो पुलिस पदाधिकारियों को गवाही के लिए अदालत ने दिया अंतिम अवसर

WhatsApp Channel Join Now
दो पुलिस पदाधिकारियों को गवाही के लिए अदालत ने दिया अंतिम अवसर


दो पुलिस पदाधिकारियों को गवाही के लिए अदालत ने दिया अंतिम अवसर


किशनगंज, 18 सितंबर (हि.स.)। अनन्य विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) की अदालत ने करीब दस वर्ष पुराने मामले में अभियोजन साक्ष्य के लिए उपस्थित नहीं होने पर दो पुलिस पदाधिकारियों के प्रति सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने कुर्लीकोट के तत्कालीन थानाध्यक्ष रहमान अंसारी और ठाकुरगंज अंचल के तत्कालीन पुलिस अधिकारी ललन पाण्डेय को गवाही के लिए उपस्थित होने का अंतिम अवसर दिया है।

शुक्रवार को विशेष लोक अभियोजक पॉक्सो मनीष कुमार साहा ने बताया कि 16 सितंबर को विशेष पॉक्सो वाद संख्या 6/2018 एवं ठाकुरगंज थाना कांड संख्या 234/2014 की सुनवाई के दौरान अभियोजन साक्ष्य के लिए दोनों पुलिस पदाधिकारी न्यायालय में उपस्थित नहीं हुए। अदालत ने इसे गंभीरता से लेते हुए दोनों को चेतावनी के साथ गवाही के लिए अंतिम अवसर प्रदान किया।

अदालत के निर्देश के अनुसार, दोनों गवाहों को अभियोजन साक्ष्य के लिए पूर्व में भी नोटिस जारी किया जा चुका था। इसके बावजूद उनके न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर अदालत ने कड़ा रुख अपनाया। इससे पहले 22 अगस्त 2026 को न्यायालय द्वारा दोनों संबंधित पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध जमानतीय वारंट भी जारी किया जा चुका है। मामला वर्ष 2014 में दर्ज ठाकुरगंज थाना कांड से संबंधित है और वर्तमान में पॉक्सो अदालत में इसकी सुनवाई चल रही है। अदालत ने अभियोजन साक्ष्य की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए दोनों गवाहों को यह अंतिम अवसर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story