मानसी-सहरसा रेलखंड के सिमरी बख्तियारपुर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के समीप रेलवे ट्रैक किनारे वृद्ध का शव बरामद

WhatsApp Channel Join Now
मानसी-सहरसा रेलखंड के सिमरी बख्तियारपुर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के समीप रेलवे ट्रैक किनारे वृद्ध का शव बरामद


सहरसा, 19 जून (हि.स.)। पूर्व मध्य रेलवे के सहरसा-मानसी रेलखंड के सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन से उत्तर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के समीप शुक्रवार को रेलवे ट्रैक किनारे एक 81 वर्षीय वृद्ध का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। लोग काफी देर तक शव की पहचान करने का प्रयास करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर मृतक के पास से बरामद आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान की जा सकी।

मृतक की पहचान बनमा इटहरी थाना क्षेत्र के मदमपुर वार्ड संख्या-6 निवासी झकश बढ़ई (81) पिता जगधर बढ़ई के रूप में हुई। शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने बख्तियारपुर थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर, थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार, दारोगा अमरजीत कुमार सिंह, पंकज कुमार सिंह, रामनाथ पासवान, सुधीर कुमार सहित अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने मृतक के स्वजनों को घटना की सूचना देते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, झकश बढ़ई गुरुवार की दोपहर अपने घर से बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के रायपुरा पंचायत अंतर्गत बदिया बलहमपुर गांव स्थित अपनी पुत्री के घर जाने के लिए निकले थे।

बताया जा रहा है कि वह रेलवे ट्रैक के किनारे-किनारे पैदल जा रहे थे। इसी दौरान निर्माणाधीन ओवरब्रिज के समीप किसी ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हालांकि, वृद्ध किस ट्रेन की चपेट में आए, इसका स्पष्ट खुलासा अब तक नहीं हो सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है। वहीं, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाकर अपने साथ ले गई। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सहरसा भेज दिया।

एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि रेलवे ट्रैक किनारे से एक वृद्ध का शव बरामद किया गया है। प्रथमदृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने से मौत का प्रतीत हो रहा है। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

Share this story