21वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने विविध कार्यक्रमों का किया आयोजन
पश्चिम चम्पारण(बगहा),7जुलाई(हि.स.)।
वंदे मातरम् कार्यक्रम के तीसरे चरण के अंतर्गत 21वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, बगहा के कार्यवाहक कमांडेंट सुरेश शर्मा, के निर्देशन में विभिन्न जन-जागरूकता एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है,इसी क्रम में वाहिनी मुख्यालय में सभी अधिकारी एवं बल कार्मिकों ने सामूहिक रूप से पूर्ण वंदे मातरम् का सस्वर गायन किया है।
इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारी एवं जवानों ने राष्ट्र के प्रति अपनी अटूट निष्ठा, समर्पण एवं देशभक्ति की भावना को पुनः दृढ़ करने का संकल्प लिया,इसके अतिरिक्त, राजकीय मध्य विद्यालय, रामपुर में विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं के साथ सामूहिक रूप से पूर्ण वंदे मातरम् का गायन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रीय गीत के इतिहास, महत्व एवं स्वतंत्रता संग्राम में इसकी प्रेरणादायी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई तथा उनमें राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।
इसके साथ ही 21वीं वाहिनी के अधीन सभी समवायों एवं सीमा चौकियों में भी राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का गायन, जागरूकता कार्यक्रम, देशभक्ति आधारित प्रतियोगिताएँ एवं अन्य प्रेरणादायक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।
हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद नाथ तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

