अनुशासन, एकता और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ संपन्न हुआ 10 दिवसीय एनसीसी शिविर

WhatsApp Channel Join Now
अनुशासन, एकता और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ संपन्न हुआ 10 दिवसीय एनसीसी शिविर


भागलपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। 47 बिहार बटालियन एनसीसी, भागलपुर के तत्वावधान में महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बरारी में आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का सोमवार को समापन हो गया। 24 अक्टूबर से शुरू हुए इस विशेष बालिका शिविर में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की लगभग 500 बालिका कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए कैंप कमांडेंट कर्नल जितेंद्र सिंह राना ने सभी कैडेट्स के अनुशासन, समर्पण और प्रशिक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, एनसीसी प्रशिक्षण केवल कुछ दिनों का सैन्य अभ्यास नहीं है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विशेष रूप से बालिका कैडेट्स को आत्मनिर्भर बनने, चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी पहचान स्थापित करने का संदेश दिया।

शिविर के दौरान भागलपुर की डीएम अलंकृता पाण्डेय ने भी कैडेट्स के बीच पहुंचकर उनका मार्गदर्शन किया और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। समापन के अवसर पर कैडेट्स ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर शिविर में नए रंग भर दिए। इस दौरान विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कैडेट्स को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।

दस दिनों के इस सघन प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को शारीरिक प्रशिक्षण, ड्रिल, शस्त्र प्रशिक्षण, फायरिंग, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट एवं बैटल क्राफ्ट, प्राथमिक चिकित्सा और आपदा प्रबंधन सहित कई महत्वपूर्ण सैन्य व व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा, कैडेट्स में टीम भावना और संचार कौशल विकसित करने के लिए बैडमिंटन, खो-खो और रस्सी खींच जैसी खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में कैंप कमांडेंट कर्नल राना ने शिविर के सफल आयोजन के लिए महिला आईटीआई के प्रिंसिपल राजेश रंजन एवं एएनओ लेफ्टिनेंट हेमलता के प्रति विशेष आभार प्रकट किया। इसके साथ ही उन्होंने सभी एएनओ, पीआई स्टाफ, जीसीआई और सहयोगी सदस्यों को धन्यवाद दिया। उन्होंने सभी कैडेट्स से एनसीसी के आदर्श वाक्य एकता और अनुशासन को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771321 Articles

Share this story