नवरात्र का उल्लास: दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी के दर्शन को उमड़ा जनसैलाब, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

WhatsApp Channel Join Now
नवरात्र का उल्लास: दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी के दर्शन को उमड़ा जनसैलाब, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर


गोपालगंज, 20 मार्च (हि.स.)।चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन शुक्रवार को आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

अहले सुबह मंगला आरती के साथ ही मंदिर के पट खुलते ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं, जो देर तक जारी रहीं। महिला और पुरुष श्रद्धालु अनुशासित तरीके से होमगार्ड मैदान की ओर से बनाए गए प्रवेश द्वार से होकर मंदिर में प्रवेश कर मां के दर्शन कर रहे थे। मंदिर परिसर में जय माता दी के जयघोष गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

इस अवसर पर मां ब्रह्मचारिणी की प्रतिमा का भव्य और आकर्षक श्रृंगार किया गया था। बाहर से मंगाए गए रंग-बिरंगे फूलों से सजी प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। दर्शन के दौरान श्रद्धालु माता के चरणों में माथा टेककर सुख-समृद्धि और शांति की कामना करते नजर आए। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। विधि-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Akhilanand Mishra

Share this story