ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’ के अंतर्गत दस नाबालिगों का बचाव, दो तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’ के अंतर्गत दस नाबालिगों का बचाव, दो तस्कर गिरफ्तार


भागलपुर, 05 मई (हि.स.)। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मानव तस्करी एवं शोषण पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे के मालदा मंडल की रेलवे सुरक्षा बल ने बड़हरवा रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’ के अंतर्गत सफल अभियान चलाया।

यह अभियान मनीष कुमार गुप्ता मंडल रेल प्रबंधक मालदा के मार्गदर्शन तथा आशिम कुमार कुल्लू मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ/मालदा के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया, जो मंडल की संवेदनशील व्यक्तियों की सुरक्षा एवं कानून प्रवर्तन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बरहरवा रेलवे स्टेशन पर नियमित जांच के दौरान आरपीएफ कर्मियों ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर चार नाबालिग लड़कों के साथ दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा। पूछताछ करने पर पता चला कि नाबालिगों को बिना उचित अनुमति रोजगार के बहाने राज्य के बाहर ले जाया जा रहा था। त्वरित कार्रवाई करते हुए आरपीएफ ने चारों नाबालिग लड़कों को सुरक्षित बरामद किया तथा इस कृत्य में संलिप्त दो व्यक्तियों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत हिरासत में लिया।

प्रारंभिक जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि नाबालिगों को रोजगार एवं मजदूरी का झूठा प्रलोभन देकर बहलाया-फुसलाया जा रहा था। एक अन्य घटना में बड़हरवा रेलवे स्टेशन के परिसंचरण क्षेत्र में छह नाबालिग बच्चे (चार लड़के एवं दो लड़कियां) बिना अभिभावक के संदिग्ध अवस्था में पाए गए।

पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उक्त नाबालिग अपने परिवार को बिना सूचित किए घर से निकलकर बाहरी क्षेत्रों में श्रमिक कार्य के लिए जाने का प्रयास कर रहे थे। सभी नाबालिगों को सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के लिए आरपीएफ पोस्ट लाया गया, जहां उनकी समुचित काउंसलिंग एवं सत्यापन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। सभी बचाए गए नाबालिगों को आवश्यक औपचारिकताओं की पूर्ति के उपरांत संबंधित प्राधिकरण/बाल कल्याण संगठन को देखभाल, परामर्श एवं पुनर्वास के लिए सौंप दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story