पारो गांव के समीप ट्रैक्टर की टक्कर से पलटा टेम्पू, पांच घायल

WhatsApp Channel Join Now

दरभंगा, 10 जून (हि.स.)। कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के पारो गांव के समीप बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में यात्रियों से भरा टेम्पू पलट गया। हादसे में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें तीन महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार टेम्पू यात्रियों को लेकर सुपौल की ओर जा रहा था। इसी दौरान पारो गांव के निकट एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने टेम्पू में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पू सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा राहत-बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद टेम्पू में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

घायलों में कुशेश्वरस्थान बाजार निवासी दिनेश साह की पत्नी शोनी देवी, भलुका निवासी मो. अख्तर की पत्नी शायरा खातून तथा मो. कबीर की पत्नी कोरैशा खातून शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार तीनों महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। अन्य दो घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर की रफ्तार काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फरार चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story