त्रिवेणीगंज में मंदिर से छेड़छाड़ की घटना से लोगों में आक्रोश

WhatsApp Channel Join Now
त्रिवेणीगंज में मंदिर से छेड़छाड़ की घटना से लोगों में आक्रोश


त्रिवेणीगंज में मंदिर से छेड़छाड़ की घटना से लोगों में आक्रोश


त्रिवेणीगंज में मंदिर से छेड़छाड़ की घटना से लोगों में आक्रोश


सुपौल, 16 अप्रैल (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के चिलौनी नदी के समीप स्थित एक बजरंगबली मंदिर में बीती रात असामाजिक तत्वों द्वारा की गई आपत्तिजनक हरकत से क्षेत्र में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया।

अज्ञात व्यक्तियों ने मंदिर परिसर में स्थापित बजरंगबली की प्रतिमा के मुख पर कालिख पोत दी तथा मंदिर के पीछे की दीवार पर आपत्तिजनक शब्द लिख दिए। गुरुवार सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो इस घटना का पता चला। प्रतिमा की इस स्थिति को देखकर लोगों की भावनाएं आहत हुईं और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण व सामाजिक संगठनों के लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, जिसमें आपसी रंजिश की संभावना भी शामिल है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने भी लोगों से संयम बरतने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

प्रशासन द्वारा प्रतिमा को तत्काल साफ कराकर उसकी मरम्मत कराई गई है तथा एहतियात के तौर पर मंदिर परिसर में पुलिस बल की तैनाती की गई है। संबंधित अधिकारी ने आश्वासन दिया है कि दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है, हालांकि एहतियात के तौर पर निगरानी जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story