दुर्गा मंदिर से चोरी हुई सोने की हार बरामद, महिला समेत दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
दुर्गा मंदिर से चोरी हुई सोने की हार बरामद, महिला समेत दो गिरफ्तार


सीवान, 29 जून (हि.स.)। सीवान शहर के महादेवा रोड स्थित कचहरी दुर्गा मंदिर में माता दुर्गा की प्रतिमा से दो सोने के हार चोरी होने के मामले का नगर थाना पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर महिला समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी किए गए दोनों स्वर्ण हार भी बरामद कर लिए हैं। इस मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने सोमवार को प्रेसवार्ता में किया।

एसपी ने बताया कि 28 जून की शाम नगर थाना क्षेत्र स्थित कचहरी रोड के दुर्गा मंदिर से माता की प्रतिमा पर चढ़ाए गए दो सोने के हार चोरी होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वे स्वयं, सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा नगर थानाध्यक्ष घटनास्थल पहुंचे और निरीक्षण किया। मंदिर एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण कर पुलिस टीम को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

नगर थाना में कांड दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने रात करीब 10 बजे तक महिला समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से चोरी के दोनों सोने के हार बरामद कर लिए गए।

गिरफ्तार आरोपितों में विकास कुमार, पिता वीरेन्द्र यादव, निवासी लखरावां, थाना मुफ्फसिल, तथा एक महिला शामिल है। महिला का पूर्व में भी नगर थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में आपराधिक इतिहास रहा है।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि महिला ने ब्लेड से हार बंधे धागे को काटकर दोनों हार निकाले थे। बरामदगी के दौरान एक हार पूरी तरह सुरक्षित मिला, जबकि दूसरा दो हिस्सों में बरामद हुआ।

एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि विकास कुमार के विरुद्ध पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2018 में मुफ्फसिल थाना में प्रिजनल एक्ट तथा सोनपुर रेल थाना में चोरी, धोखाधड़ी एवं अन्य धाराओं के तहत कांड दर्ज है। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में चोरी का उद्देश्य सोने के हार बेचकर आर्थिक लाभ अर्जित करना प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस वारदात में अन्य कोई व्यक्ति शामिल था या नहीं तथा क्या दोनों आरोपित अन्य चोरी की घटनाओं में भी संलिप्त रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि आभूषणों को बेचने से पहले ही बरामद कर लिया गया, इसलिए किसी खरीदार की भूमिका अब तक सामने नहीं आई है। हार का मूल्य और वजन जौहरी से निर्धारित कराया जाएगा।

एसपी ने बताया कि इस सफल कार्रवाई में नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार, निरंजन कुमार, अमित कुमार तथा जिला आसूचना इकाई की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story