बंगाल में तेजस्वी के प्रचार का नहीं होगा असर : प्रीति शेखर

WhatsApp Channel Join Now
बंगाल में तेजस्वी के प्रचार का नहीं होगा असर : प्रीति शेखर


भागलपुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में बिहार से आरजेडी नेता तेजस्वी यादव प्रचार के लिए बंगाल पहुंचे हैं। उनके दौरे को लेकर सियासी बयानबाज़ी भी तेज हो गई है।

भागलपुर में भाजपा की प्रवक्ता प्रीति शेखर ने रविवार को कहा कि बिहार में खुद की स्थिति मजबूत नहीं है, ऐसे में तेजस्वी यादव बंगाल में प्रचार कर कोई खास असर नहीं डाल पाएंगे। प्रीति शेखर ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “डूबती नैया पर ममता दी सवार हैं।” उनका दावा है कि राज्य में बदलाव की लहर है और जनता इस बार भाजपा को मौका देने के मूड में है।

उन्होंने आगे कहा कि चाहे राहुल गांधी हों या फिर इंडी गठबंधन के अन्य नेता, उनके प्रचार से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। भाजपा प्रवक्ता के अनुसार, बंगाल में इस बार पार्टी की सरकार बनना तय है। वहीं, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दूसरे चरण के मतदान से पहले बाहरी नेताओं की एंट्री चुनावी माहौल को और गरमा रही है। सभी दल अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश में जुटे हैं। भाजपा प्रवक्ता प्रीति शेखर ने बिहार को लेकर कहा कि राज्य में विकास की नई उड़ान का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार तेजी से प्रगति की ओर अग्रसर होगा।

प्रीति शेखर ने अपने बयान में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन दोनों वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और सानिध्य में बिहार को विकास की नई दिशा मिलेगी। उनके अनुसार, केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय से बुनियादी ढांचे, रोजगार और निवेश के क्षेत्रों में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा। भाजपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि बिहार की जनता को वर्तमान सरकार से काफी उम्मीदें हैं और लोग चाहते हैं कि राज्य में विकास की रफ्तार और तेज हो। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में बिहार में बड़े पैमाने पर विकास कार्य होंगे, जिससे प्रदेश की तस्वीर बदलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story