तीज-चौरचन और विश्वकर्मा पूजा को लेकर बाजार में बढ़ी रौनक
सुपौल, 13 सितंबर (हि.स.)। तीज एवं चौरचन पर्व को लेकर रविवार को शहर के बाजारों में काफी चहल-पहल देखने को मिली। सुबह से ही फल, मिठाई और किराना दुकानों पर खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ लगी रही। वहीं विश्वकर्मा पूजा को लेकर भी बाजार में खरीदारी तेज रही।
पूजा-पाठ से जुड़ी सामग्री के साथ फल एवं अन्य जरूरी सामानों की बिक्री में इजाफा हुआ। हर वर्ष की तरह इस बार भी पर्व को लेकर शहर के बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ी रही।
खासकर फल और किराना दुकानों पर ग्राहकों की संख्या अधिक देखी गई। पर्व को लेकर फलों की मांग बढ़ने से इनके दामों में भी तेजी देखने को मिली। रविवार को बाजार में सिंघाड़ा 100 से 330 रुपये प्रति किलो, अनार 200 से 300 रुपये प्रति किलो, सेब 150 से 180 रुपये प्रति किलो तथा केले की कीमत 60 से 100 रुपये प्रति दर्जन रही।
वहीं नारियल 50 से 70 रुपये प्रति पीस बिक रहा था। दुकानदारों के अनुसार पर्व को लेकर फलों की मांग सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ गई है। तीज एवं चौरचन पर्व को लेकर महिलाओं और परिवारों ने पूजा के लिए आवश्यक फल, मिठाई और अन्य सामग्री की जमकर खरीदारी की।
वहीं विश्वकर्मा पूजा के कारण दुकानों, प्रतिष्ठानों और विभिन्न संस्थानों में पूजा की तैयारी को लेकर भी बाजार में रौनक बढ़ी रही। पर्व को लेकर सब्जियों की मांग में भी बढ़ोतरी देखी गई। बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों ने बताया कि पर्व के कारण आवश्यक सामानों की खरीदारी में खर्च बढ़ गया है।
दुकानदारों का कहना है कि अगले एक-दो दिनों तक बाजार में इसी तरह खरीदारी का दौर जारी रहने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

