मातम में बदलीं छठ की खुशियां: सन्हौला में घाट बनाने के दौरान तालाब में डूबने से किशोर की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मातम में बदलीं छठ की खुशियां: सन्हौला में घाट बनाने के दौरान तालाब में डूबने से किशोर की मौत


भागलपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के बीच भागलपुर जिले के सन्हौला थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। गुरुवार को क्षेत्र के घनश्यामचक गांव में छठ घाट बनाने के दौरान तालाब के गहरे पानी में डूबने से एक 14-15 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान घनश्यामचक गांव निवासी जितेंद्र मंडल के पुत्र ललित कुमार के रूप में हुई है।

इस हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। परिजन और स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, ललित गुरुवार सुबह गांव के अन्य लोगों के साथ घनश्यामचक गांव के पश्चिम दिशा में स्थित स्कूल से सटे पोखर पर छठ घाट की सफाई और निर्माण कार्य कर रहा था। घाट बनाने के क्रम में अचानक उसका पैर फिसल गया, जिससे वह अपना संतुलन खो बैठा और सीधे तालाब के गहरे पानी में चला गया। ललित को डूबता देख मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और तुरंत तालाब में उतरकर किशोर की तलाश शुरू की।

ग्रामीणों की करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ललित को अचेत अवस्था में गहरे पानी से बाहर निकाला जा सका। पानी से निकालने के बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सन्हौला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने ललित को मृत घोषित कर दिया। किशोर की असमय मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775717 Articles

Share this story