इंटर की छात्रा की ट्रक से कुचलकर मौत

WhatsApp Channel Join Now
इंटर की छात्रा की ट्रक से कुचलकर मौत


सीवान, 20 फरवरी (हि.स.)। जिले के मैरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत मैरवा-गुठनी मार्ग पर बभनौली चट्टी के समीप शुक्रवार की शाम करीब साढ़े चार बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। मृत छात्रा की पहचान बभनौली निवासी धनंजय राम की पुत्री खुशबू कुमारी के रूप में हुई है। वह इंटर की छात्रा थी और प्रतिदिन की तरह शुक्रवार को भी कोचिंग से साइकिल से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्रा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और सड़क पर जाम लगाकर विरोध जताया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हालात की गंभीरता को देखते हुए गौरी कुमारी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचीं और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया।

पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को अपने कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है तथा पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story