आइजीआइएमएस पटना की टीम ने छपरा सदर अस्पताल का किया दौरा
सारण, 05 मई (हि.स.)। सदर अस्पताल के स्वास्थ्य ढांचे को और अधिक सशक्त बनाने तथा मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञा संस्थान (आइजीआइएमएस) पटना की पांच सदस्यीय टीम ने अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान टीम ने विभिन्न विभागों के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को आधुनिक मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत उपाधीक्षक कार्यालय में प्रभारी सिविल सर्जन डॉ रत्नेश्वर प्रसाद सिंह के साथ आयोजित एक बैठक से हुई। बैठक में अस्पताल प्रबंधक राजेश्वर प्रसाद की उपस्थिति में वर्तमान व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य रूप से महिला एवं प्रसूति विभाग, शिशु रोग विभाग, एनेस्थीसिया तथा कम्युनिटी मेडिसिन विभाग को कवर किया गया। विशेषज्ञों ने आपातकालीन सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, संक्रमण नियंत्रण, सुरक्षित प्रसव और नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।
डॉ प्रमोद ने जानकारी दी कि आइजीआइएमएस की टीम द्वारा प्रत्येक तीन माह पर सदर अस्पताल का दौरा कर सेवाओं की नियमित समीक्षा की जाती है। इस अवसर पर चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

