महिला किसानों को आधुनिक खेती का मंत्र, 5000 किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने का लक्ष्य

WhatsApp Channel Join Now
महिला किसानों को आधुनिक खेती का मंत्र, 5000 किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने का लक्ष्य


किशनगंज, 15 अक्टूबर (हि.स.)। महिला किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को खगड़ा स्थित सम्राट अशोक भवन में जिला स्तरीय वासंतिक (रबी) प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला 2026 का आयोजन किया गया। अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष एवं महिला किसान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी नवीन कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यशाला में महिला किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी ने वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम के अंतर्गत चिह्नित गांवों के 5000 किसानों को पारंपरिक एवं प्राकृतिक खेती से जोड़ने का निर्देश दिया। इसमें जनजातीय महिला किसानों को प्राथमिकता देने तथा उन्हें जीवामृत, घनजीवामृत और बीजामृत तैयार करने एवं उपयोग करने का प्रशिक्षण देने पर जोर दिया गया। इसका उद्देश्य रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करना और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सीमावर्ती क्षेत्रों की पात्र महिला किसानों तक कृषि एवं उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उन्हें स्थायी आजीविका से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने बहुस्तरीय खेती के माध्यम से कम भूमि में अधिक उत्पादन तथा ड्रैगन फ्रूट, अनानास और चाय जैसी लाभकारी फसलों की खेती को प्रोत्साहित करने पर भी बल दिया।

कार्यशाला में जीरो टिलेज, सीड ड्रिल, जलवायु अनुकूल कृषि, मोटे अनाज, रबी मक्का, पॉपकॉर्न, बेबी कॉर्न, स्वीट कॉर्न, दलहन और रबी प्याज की वैज्ञानिक खेती की जानकारी दी गई। किसानों को मिट्टी जांच, संतुलित उर्वरक उपयोग, पौधा संरक्षण, जैविक खेती और कृषि में ड्रोन तकनीक के इस्तेमाल के बारे में भी बताया गया।

जिला कृषि पदाधिकारी ने जानकारी दी कि स्वीट कॉर्न, बेबी कॉर्न, पॉपकॉर्न तथा दलहनी-तिलहनी फसलों के बीज अनुदानित दर पर उपलब्ध कराने के लिए विभाग से लक्ष्य प्राप्त हुआ है। प्राकृतिक खेती मिशन के तहत वर्ष 2026-27 में तीन क्लस्टरों का चयन किया गया है। वहीं, परंपरागत कृषि विकास योजना के अंतर्गत दिघलबैंक प्रखंड की पांच पंचायतों में 500 हेक्टेयर क्षेत्र में जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा।

कार्यक्रम में रबी महाभियान 2026-27 पुस्तक का विमोचन किया गया। प्रगतिशील महिला किसानों को सम्मानित करने के साथ किचन गार्डन किट वितरित किए गए। वाइब्रेंट विलेजेज के महिला किसानों को सात प्रकार की सब्जियों के बीज और वर्मी कम्पोस्ट भी दिए गए। कार्यशाला में कृषि एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों, कृषि वैज्ञानिकों और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष किसानों ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761365 Articles

Share this story