सभी राज्यकर्मी शिक्षकों को अविलंब वेतनमान दे सरकार : जिलाध्यक्ष
सुपौल, 23 सितंबर (हि.स.)। बिहार सरकार द्वारा नियुक्त विद्यालय अध्यापकों की वेतनमान संबंधी मांगों को लेकर विद्यालय अध्यापक महासंघ ने सरकार से अविलंब पहल करने की मांग की है। महासंघ के जिलाध्यक्ष सुमन कुमार ने बुधवार को बताया कि राज्य सरकार से शिक्षकों के वेतनमान में व्याप्त विसंगतियों को दूर करते हुए सभी राज्यकर्मी शिक्षकों को नियमानुसार उचित पे-लेवल का लाभ देने की मांग की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि बिहार सरकार को शिक्षकों की मांगों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए सातवें वेतनमान के नियमानुसार सभी राज्यकर्मी शिक्षकों को उनके पद और योग्यता के अनुरूप उचित पे-लेवल से आच्छादित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को उनके पद, योग्यता और जिम्मेदारियों के अनुरूप वाजिब आर्थिक लाभ एवं सम्मान मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विद्यालय अध्यापक शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके हितों की अनदेखी से शिक्षकों में असंतोष उत्पन्न होना स्वाभाविक है। सरकार को वेतनमान से जुड़ी विसंगतियों का निराकरण करते हुए शिक्षकों को समान एवं न्यायसंगत लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाना चाहिए।
सुमन कुमार ने जिले के बीपीएससी के माध्यम से नियुक्त सभी विद्यालय अध्यापकों से अपने हक और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर महासंघ के साथ आने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन की मजबूती जरूरी है।
उन्होंने कहा, “हमारी शक्ति हमारी एकजुटता में है। सुपौल के सभी नवनियुक्त विद्यालय अध्यापक महासंघ के साथ जुड़कर संगठन को मजबूत बनाएं, ताकि शिक्षकों की समस्याओं को मजबूती से उठाया जा सके और उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल की जा सके।”
जिलाध्यक्ष ने कहा कि विद्यालय अध्यापक महासंघ शिक्षकों के हित, सम्मान और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाता रहेगा। उन्होंने सरकार से शिक्षकों की वेतनमान संबंधी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

